संवाददाता रूप नारायण मेहरा, तेंदूखेड़ा
तेंदूखेड़ा (जिला नरसिंहपुर) नगर परिषद तेंदूखेड़ा में विगत दो साल पहले बने 6 करोड़ 40 लाख की लागत के ITI भवन की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं और टाइल्स उखड़ने लगी हैं। इस भवन को सरकार ने इतनी बड़ी लागत से इसलिए बनवाया था क्योंकि यहां बैठकर बच्चे आईटीआई के तहत शिक्षा ग्रहण करते हुए कुछ हुनर सीखेंगे, लेकिन इतनी बड़ी लागत से बने इस भवन के महज दो साल में ही जर्जर होने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस भवन की वर्तमान स्थिति चिंता का विषय है। भवन के कई हिस्सों में दीवारों पर दरारें साफ दिखाई दे रही हैं, जबकि फर्श की टाइल्स भी जगह-जगह से उखड़ रही हैं।
बताया जा रहा है कि इस ITI में छात्र-छात्राओं के लिए खेल ग्राउंड नहीं बनाया गया है और न ही पानी की समुचित व्यवस्था हो पाई है। भवन में कार्यरत प्राचार्य द्वारा लगातार मरम्मत के लिए अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर आवेदन दिए जा रहे हैं, ताकि समय रहते सुधार कार्य कराया जा सके।
वहीं इस सरकारी आईटीआई भवन में शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राएं भी नए भवन की खस्ता हालत को लेकर परेशान हैं। उनका कहना है कि इतनी बड़ी लागत से बने भवन की यह स्थिति निराशाजनक है।
जब इस करोड़ों की लागत से बने भवन की हालत को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने की कोशिश की गई तो कुछ अधिकारी कैमरे से बचते नजर आए।
अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या भवन की मरम्मत एवं आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था शीघ्र की जाती है या नहीं।
